ऊधमसिंह नगर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए 21 अगस्त को अवकाश रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 20 अगस्त को जारी पूर्वानुमान में राज्य के विभिन्न जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा भारी बारिश की संभावना जताई है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है।
हालांकि, विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिका/कार्यकर्त्री अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहेंगे और आवश्यकतानुसार विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत माना जाएगा और संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों एवं नागरिकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

