रुद्रपुर।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद ऊधम सिंह नगर सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 28 जनवरी 2026 को हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार बुधवार, 28 जनवरी 2026 को जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के सभी विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी बच्चों के लिए अवकाश रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण विशेष रूप से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि, कक्षा 10 एवं 12 के वे विद्यार्थी जो CBSE, ICSE, उत्तराखंड बोर्ड अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित किसी अध्ययन या प्रायोगिक/प्री-बोर्ड गतिविधि में सम्मिलित होंगे, उनके लिए संबंधित विद्यालयों को मुख्य शिक्षा अधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अंतर्गत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।




