60 साल के बुजुर्ग सिक्योरिटी गार्ड की पिटाई की वीडियो के बाद सोसाइटी वालों में दहशत का माहौल
रुद्रपुर। शहर की प्रतिष्ठित मेट्रोपोलिस सोसाइटी में एक बार फिर हंगामा खड़ा हो गया है। सुरक्षा देने के नाम पर रखे गए MRWA के बाउंसर अब खुद डर का दूसरा नाम बन चुके हैं। सोमवार देर रात का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक 60 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड को बाउंसर द्वारा बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है।जानकारी के अनुसार, बाउंसर नशे में धुत था। मामूली बात पर उसने गार्ड को धक्का दिया, गाली-गलौज की और फिर डंडे से पिटाई शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते रह गए, लेकिन बुजुर्ग पर बर्बरता जारी रही।CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावर ने गार्ड को कई बार जमीन पर गिराकर मारा। घटना के बाद भी आरोपी को न तो हटाया गया, न किसी कार्रवाई की झलक दिखी। इस उदासीनता ने सोसाइटी के लोगों में भारी आक्रोश फैला दिया है। निवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ। “पहले भी डिलीवरी बॉय और कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन MRWA हर बार चुप्पी साध लेता है,” एक निवासी ने बताया। अब लोगों ने प्रशासन से सीधी अपील की है कि आरोपी बाउंसरों पर सख्त कार्रवाई हो, और MRWA की जवाबदेही तय की जाए।
सवाल यह भी उठ रहा है कि — “जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो जनता किससे सुरक्षा की उम्मीद करे?”



