हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के हल्द्वानी शहर में पत्रकारिता पर हमला करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ऊंचापुल क्षेत्र में समाचार कवरेज के दौरान स्थानीय पत्रकार दीपक अधिकारी पर कुछ दबंगों ने बेखौफ होकर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कवरेज के दौरान पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला अचानक मारपीट में बदल गया। घायल पत्रकार को मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कृष्णा हॉस्पिटल (नैनीताल रोड) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।
इस हमले से हल्द्वानी के पत्रकारों में गहरा आक्रोश फैल गया है। सभी पत्रकार संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों ने कहा कि मीडिया कर्मियों पर बढ़ते हमले लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।



