पूर्व स्वास्थमंत्री के बेटे सौरभ बेहड़ ने खुद ही करवाया था हमला
किच्छा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ ने एक प्रेस वार्ता के दौरान चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र सौरभ राज बेहड़ पर हुआ हमला वास्तव में एक साजिश थी, जिसे खुद सौरभ ने अपने मित्र इंदर के साथ मिलकर अंजाम दिलवाया था।
विधायक तिलकराज बेहड़ ने बताया कि सौरभ का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था, इसी तनाव के चलते उसने यह गलत कदम उठाया। इस घटना से न केवल परिवार, बल्कि समाज और राजनीतिक क्षेत्र में भी उन्हें गहरी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।
भावुक होते हुए तिलकराज बेहड़ ने कहा कि उनके बेटे ने उन्हें और पूरे समाज को अपमानित किया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन, मुख्यमंत्री, पार्टी नेतृत्व और उन हजारों लोगों का आभार जताया जो इस घटना के समय उनके समर्थन में खड़े रहे। साथ ही उन्होंने सभी से सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।
विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने पुत्र सौरभ राज बेहड़ से सभी संबंध समाप्त कर लिए हैं। रोते हुए उन्होंने कहा, “अपना ही सिक्का खोटा निकला। सौरभ ने जो किया है, उसकी सजा उसे उसके कर्मों के अनुसार मिलनी चाहिए।”



