उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) की ओर से स्मार्ट मीटर स्थापना को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। महानिदेशक (परिचालन) की अध्यक्षता में 22 नवंबर 2025 को आयोजित बैठक में यह पाया गया कि विभिन्न जनपदों में स्मार्ट मीटर की स्थापना कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हो रहा है। जिस पर शीर्ष स्तर से नाराजगी जताई गई।
आदेश के अनुसार कई अधिकारियों द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने में धीमी गति, उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी का अभाव और फील्ड में उपेक्षित कार्यशैली सामने आई है। कॉर्पोरेशन ने इसे गंभीर मानते हुए स्पष्ट कहा है कि उपभोक्ताओं की शिकायतें बढ़ने का प्रमुख कारण जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही है।
UPCL ने सभी अभियंताओं को निर्देश दिया है कि—
उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की तकनीकी जानकारी और लाभ पूरी स्पष्टता के साथ समझाए जाएँ।
मीटर बदलने या नई स्थापना के दौरान उपभोक्ता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान दिया जाए।
जोन–वाइज स्मार्ट मीटर स्थापना की निगरानी अधिकारी स्वयं करें और प्रगति रिपोर्ट नियमित भेजें।
संविदाकार (कॉन्ट्रैक्टर) कर्मियों की लापरवाही पर भी तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
महाप्रबंधक ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर सही जानकारी न मिल पाने से भ्रम की स्थिति बन रही है। इसलिए फील्ड स्तर पर तैनात सभी अभियंता उपभोक्ताओं से संवाद स्थापित करें, समस्या का तत्काल समाधान करें, और स्मार्ट मीटरिंग कार्य को प्राथमिकता दें।
UPCL ने सभी अधिशासी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और फील्ड टीमों को चेतावनी दी है कि लापरवाही पाई जाने पर व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।



