
उधम सिंह नगर। पंतनगर विश्वविद्यालय के छात्रावास में बी.टेक प्रथम वर्ष के छात्र नीरज (20) की संदिग्ध हालात में खुदकुशी का मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। ग्राम दरऊ, किच्छा निवासी नीरज की मौत से परिजनों में गहरा आक्रोश है। परिवारजनों का कहना है कि नीरज ने खुदकुशी नहीं की बल्कि इस मामले में किसी साजिश की आशंका है।
बताया जा रहा है कि नीरज अंग्रेजी विषय में कमजोर था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। लेकिन नीरज के परिवारजन इस कारण से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि नीरज ने अपनी मेहनत और मेरिट के बल पर विश्वविद्यालय में दाखिला लिया था और वह काबिल छात्र था। केवल अंग्रेजी की कमजोरी आत्महत्या का कारण नहीं हो सकती।
शनिवार को किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
विधायक बेहड़ ने कहा कि नीरज की मौत बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए केवल आत्महत्या मान लेना सही नहीं होगा। उन्होंने जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को पत्र लिखकर मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नीरज की मौत से छात्र समुदाय में भी गहरा शोक और आक्रोश है। वहीं परिवारजन और स्थानीय लोग अब निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।



