14 फरवरी को होगा भव्य आयोजन, जिला प्रशासन ने की तैयारी
रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल इंद्र चौक का नाम अब बदलकर ‘त्रिशूल चौक’ कर दिया गया है। बीती रात यहां त्रिशूल की स्थापना की गई, जिसके बाद से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवनिर्मित त्रिशूल का विधिवत अनावरण 14 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्रिशूल की स्थापना से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा मिलेगी। चौराहे को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट और प्रकाश व्यवस्था की भी तैयारी की जा रही है।
प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
अनावरण समारोह को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



