वायरल वीडियो का खामियाजा — एएसआई पंकज उप्रेती निलंबित
रुद्रपुर। पुलिस मुठभेड़ में घायल गैंगस्टर गगन रतनपुरिया का अस्पताल में मूंछों पर ताव देता वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना एएसआई को भारी पड़ गया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इसे ड्यूटी में गंभीर लापरवाही मानते हुए आदर्श कॉलोनी चौकी में तैनात एएसआई पंकज उप्रेती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि 24 सितंबर को रुद्रपुर कॉलेज में छात्रसंघ नामांकन के दौरान दो गुटों में भिड़ंत हो गई थी, जिसमें फायरिंग की घटनाएं भी हुईं। मामले में गैंगस्टर गगन रतनपुरिया सहित 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में 27 सितंबर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गगन रतनपुरिया को गिरफ्तार किया था।
वह इन दिनों पुलिस निगरानी में एक निजी अस्पताल में इलाजरत है। कुछ दिन पहले उसका अस्पताल से मूंछों पर ताव देता वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। जांच में निगरानी में चूक सामने आने पर एएसआई पंकज उप्रेती को सस्पेंड कर दिया गया है।



