भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून (IMD) द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद ऊधम सिंह नगर में घने से मध्यम कोहरे एवं शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार दिनांक 29 दिसंबर 2025 (सोमवार) को जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ठंड और घने कोहरे के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में जोखिम हो सकता है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करता पाया गया तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



