बरेली — जुमे की नमाज के बाद बरेली शहर में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब “आई लव मोहम्मद” नारे को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते नारेबाज़ी ने उग्र रूप ले लिया और कई स्थानों पर पथराव शुरू हो गया। हालात काबू से बाहर जाते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
भीड़ ने किया पथराव, पुलिस ने किया बल प्रयोग
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और नारेबाजी शुरू हो गई। इस बीच एक गुट ने “आई लव मोहम्मद” लिखे पोस्टर और नारे लगाए, जिस पर विवाद छिड़ गया। कुछ देर बाद छतों से पत्थरबाजी भी शुरू हो गई।स्थिति बिगड़ते ही पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके अलावा, अतिरिक्त फोर्स और दंगा नियंत्रण दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया।
एसएसपी और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए कहा कि दोषियों की पहचान की जा रही है और वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
माहौल तनावपूर्ण, पर हालात नियंत्रण में शहर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज़ कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, मगर सतर्कता बरती जा रही है।



